बैरागी दीप में जन्म शताब्दी नगर में सेवा, व्यवस्था और संस्कृति से जुड़े प्रमुख विभागों का उद्घाटन

जन्म शताब्दी नगर, बैरागी दीप में आज विभिन्न सेवा और सांस्कृतिक विभागों का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर रजिस्ट्रेशन विभाग, विद्युत् विभाग, जोनल कार्यालय, मीडिया सेंटर, संगीत विभाग, सांस्कृतिक विभाग और महिला सुरक्षा विभाग को जनता और आयोजकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि, जन्म शताब्दी कार्यक्रम के दलनायक और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या तथा स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (जॉली ग्रांट) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना उपस्थित रहे।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि ये सभी विभाग जन्म शताब्दी कार्यक्रम की सुचारु व्यवस्था, सेवा–सुविधा, संवाद और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन और विद्युत् विभाग से लेकर मीडिया सेंटर, जोनल कार्यालय, संगीत विभाग, सांस्कृतिक विभाग और महिला सुरक्षा विभाग—सभी मिलकर आयोजन में अनुशासन, समन्वय और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और दूर-दराज से आए गायत्री परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में सेवा, सहयोग और उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण हुआ।